सिटी पोस्ट लाइव
सहरसा। बसनही थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि अपाची बाइक की मांग पूरी न होने के कारण उसकी बेटी की हत्या कर दी गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतका की पहचान बलैठ्ठा वार्ड नंबर 05 निवासी दीपक कुमार की 21 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी के रूप में हुई है। गुड़िया छह बहनों में तीसरे स्थान पर थी। उसका मायका मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के उदाकिशुनगंज वार्ड नंबर 12 में है।

दहेज को लेकर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
मृतका के पिता मनोज यादव ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले अपनी बेटी की शादी की थी, लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल वाले दामाद के लिए अपाची बाइक की मांग कर रहे थे। उनका आरोप है कि इसी कारण उनकी बेटी की निर्मम हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि इस घटना की जानकारी उन्हें पुलिस से मिली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ससुराल पक्ष के फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।