संदिग्ध अवस्था में मिले युवती के शव का खुला राज, अंतरजातीय विवाह से नाराज परिजनों ने की थी हत्या

मृतका की मां और छोटा भाई गिरफ्तार, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

गोपालगंज। गोपालगंज से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां 31 जनवरी को कुचायकोट थाना क्षेत्र के नेचुआ जलालपुर गांव में एक युवती का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा और कुचायकोट थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के दिन से ही नेचुआ जलालपुर गांव के लोगों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म था। वहीं पुलिस भी बड़ी तत्परता से आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लग गयी थी।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के पोखर भिंडा गांव निवासी हारून रसीद की पत्नी जैतून निशा के रूप में हुई है। इसके साथ ही एक किशोर को भी हिरासत में लिया गया है। वहीं एक अन्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में एक अन्य अभियुक्त शामिल है, जो अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ प्रांजल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा किया कि यह हत्या ऑनर किलिंग का मामला है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि युवती के अंतरजातीय विवाह से नाराज होकर उसके परिवार के लोगों ने यह घटना अंजाम दिया है।

SDPO ने किये कई बड़े खुलासे

घटना के बारे में एसडीपीओ प्रांजल ने विस्तार से बताते हुए कहा कि 31 जनवरी को कुचायकोट थाने में एक मामला दर्ज हुआ था जितमें एक महिला का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम के दौरान जानकारी मिली कि उसे गोली मारी गई थी। मामले में छानबीन के दौरान पता चला कि जिस लड़की का शव मिला उसने पूर्व में किसी लड़के से संबंध था। जिसके साथ उसने भाग कर दिल्ली में शादी कर ली थी। जांच के दौरान पुलिस को मैरेज सर्टिफिकेट भी प्राप्त हुआ है। जांच के दौरान पता चला कि उनकी यह अंतरजातीय शादी से घर वाले खुश नहीं थे। लड़की के घर वाले लगातार उनपर दबाव बनाए हुए थे कि लड़की को वापस कर दें। वहीं बीच-बीच में लड़की वापस लड़के के पास चली जाती थी। जानकारी मिली है कि लड़की के घरवाले उसे कमरे में बंद कर भूखा भी रखते थे। इन तमाम बातों से नाराज होकर लड़की की मां, उसका बड़ा भाई और एक छोटे भाई ने 30 जनवरी को लड़की को मोटरसाइकिल पर बैठाया और सुनसान जगह पर ले जाकर गोली मार दी। जिससे लड़की की मौत हो गयी। घटनास्थल से पुलिस को कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। जांच के दौरान पुलिस को वीडियो फुटेज और बैंक के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य अभी भी फरार है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार महिला मृतका की मां और गिरफ्तार किशोर मृतका का भाई है। पुलिस को आशंका है कि हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार फरार आरोपी के पास हो सकता है।

प्रांजल, SDPO, गोपालगंज

Share This Article