रोहतास में गर्भवती गाय के साथ क्रूरता, अज्ञात पर लगाया जीभ काटने का आरोप

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

रोहतास। जिले के सासाराम स्थित गौरक्षणी मोहल्ले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक गर्भवती गाय की जीभ काटे जाने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। पशुपालक ने किसी अज्ञात व्यक्ति पर इस अमानवीय कृत्य का आरोप लगाया है। हालांकि, अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश और संवेदना की लहर पैदा कर दी है।

शाम को दिया था चारा, रात में कटी पड़ी थी जीभ

घटना नगर थाना क्षेत्र के गौरक्षणी स्थित यादव मोहल्ला की बताई जा रही है। गाय के मालिक मुनि सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार की शाम उन्होंने अपनी गाय को चारा दिया और घर चले गए। लेकिन जब रात करीब 9 बजे वे गाय को रोटी खिलाने पहुंचे, तो देखा कि रोटी उसके मुंह से गिर रही है और वह खाने में असमर्थ है। उन्होंने ध्यान से देखा तो गाय की कटी हुई जीभ जमीन पर पड़ी थी, और उसके मुंह से खून बह रहा था।

घटना से स्तब्ध मुनि सिंह ने तुरंत एक पशु चिकित्सक को बुलाकर उपचार कराया। फिलहाल, गाय का स्वास्थ्य स्थिर है, लेकिन वह खाने-पीने में असमर्थ बनी हुई है। चिंताजनक बात यह है कि गाय गर्भवती है और उसके गर्भ में एक बछड़ा पल रहा है।

पुलिस को नहीं मिली शिकायत, स्थानीय लोगों में रोष

पशुपालक मुनि सिंह ने अब तक इस घटना को लेकर पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने इलाके में किसी से दुश्मनी होने की संभावना से भी इनकार किया है। बावजूद इसके, इस बर्बर घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है, और लोग इसे लेकर न्याय की मांग कर रहे हैं।

जिला पशुपालन पदाधिकारी अविनाश चंद्र प्रभाकर ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि संभवतः किसी नुकीली वस्तु को चाटने के कारण गाय की जीभ कट गई होगी। इसलिए पशुपालक को सलाह दी जाती है कि वह गाय को जिला पशु चिकित्सालय ले जाकर जांच करवाए।

किसी ने जानबूझकर की है हरकत : पशुपालक

मैं रोज की तरह रात करीब नौ बजे गाय को रोटी खिलाने गया। जब रोटी गिर गई और मैंने उसे उठाया, तो देखा कि गाय की जीभ कटी हुई थी। आसपास कोई औजार भी नहीं मिला, जिससे शक गहराता है कि किसी ने जानबूझकर यह हरकत की है। मैंने तुरंत पशु चिकित्सक को दिखाया, लेकिन फिलहाल गाय खाने में असमर्थ है। मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, फिर भी यह घटना परेशान करने वाली है।

– मुनी सिंह, गौरक्षणी मोहल्ला, सासाराम, रोहतास

Share This Article