नैनीजोर में पुलिस टीम पर हमला, 3 पुलिसकर्मी घायल, 12 नामजद, दो आरोपित गिरफ्तार

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

ब्रह्मपुर। नैनीजोर गांव में एक पुलिस टीम पर हमला हुआ है, जिसमें एक दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस के एक जवान का पिस्टल छीन लिया था, जिसे कुछ घंटे बाद पुलिस ने बरामद कर लिया। इस दौरान दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के मैनेजर ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना गुरुवार को दोपहर करीब ढाई बजे बड़की नैनीजोर गांव की है, जब पुलिस टीम बैंक के साथ एक डिफाल्टर को पकड़ने के लिए गई थी।

हमले में नैनीजोर थाने के दरोगा हरिचरण राम, हवलदार अनंत लाल शर्मा और सिपाही कुंदन घायल हो गए। इनका प्राथमिक उपचार डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में हुआ, इसके बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव डीएसपी अफाक अख्तर अंसारी सहित कई अन्य थानों की पुलिस नैनीजोर पहुंच गई है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। हालांकि, सभी हमलावर फरार हो गए हैं।

दो गिरफ्तार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज

इस मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी को और तेज कर दिया है। वहीं, घटना में शामिल ग्रामीण अपने घरों को छोड़कर फरार हो गए हैं। घटना में घायल हुए नैनीजोर थाने के दरोगा हरिचरण राम के बयान पर स्थानीय थाने में 12 आरोपियों के नाम और छह से सात अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल हरेराम तिवारी (पिता श्रीभगवान तिवारी) और शिवबदन तिवारी (पिता रामचंद्र तिवारी) को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, बड़की नैनीजोर गांव के राधा किशुन तिवारी ने स्थानीय ग्रामीण बैंक से लोन पर एक ट्रैक्टर लिया था, लेकिन वह किश्त नहीं चुका रहे थे। बैंक प्रबंधन ने बार-बार नोटिस जारी किया, लेकिन राधा किशुन ने अनसुना कर दिया। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने उनके खिलाफ वारंट जारी कराया।

20-25 ग्रामीणों ने मिलकर पुलिस टीम को दौड़ाया

गुरुवार को थानाध्यक्ष मो. फिरोज आलम बक्सर में मीटिंग में थे, जबकि दरोगा हरिचरण राम की ड्यूटी थी। बैंक प्रबंधक ने उन्हें राधा किशुन तिवारी के खिलाफ कोर्ट द्वारा जारी वारंट के तहत गिरफ्तारी करने को कहा, जिसके बाद वे पुलिस टीम लेकर गिरफ्तारी के लिए गए थे। इस दौरान अचानक राधा किशुन के परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। करीब 20-25 ग्रामीणों ने पुलिस टीम को दौड़ा लिया और मारपीट की। इस दौरान एक पिस्टल भी छीन लिया गया, जिसे कुछ घंटों में बरामद कर लिया गया। हमले के कारण पुलिस टीम पीछे हटने को मजबूर हो गई। इस हमले में दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। डुमरांव डीएसपी अफाक अख्तर अंसारी, जो पहले शांति समिति की बैठक में शामिल होने वाले थे, घटना के तुरंत बाद नैनीजोर के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है, लेकिन सभी फरार हो गए हैं। इस घटना के बाद नैनीजोर गांव में हड़कमप मच गया है और ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई से सहमे हुए हैं।

नैनीजोर में पुलिस टीम पर हमला हुआ है, इसकी जानकारी मिलते ही हम तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की तहकीकात शुरू कर दी। इस मामले में 12 नामजद व छह-सात अज्ञात पर FIR दर्ज कराया है। पुलिस ने इस घटना को चुनौती के रूप में लिया है। जल्दी ही पुलिस टीम पर हमला करने वाले सभी आरोपितो को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

– अफाक अख्तर अंसारी, डीएसपी, डुमरांव

Share This Article