सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आज पटना में अपने अंतिम चरण में है। बीते चार महीनों से चल रहे इस संवाद अभियान का मकसद संगठन को मजबूत करना और 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करना था। तेजस्वी यादव आज पटना जिले के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे, उनका फीडबैक लेंगे और आगामी चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण रणनीति तैयार करेंगे। इस कार्यक्रम में खासतौर पर महिलाओं के लिए ‘मान-सम्मान योजना’ को लेकर भी चर्चा होगी।
तेजस्वी कार्यकर्ताओं को महिलाओं में जागरूकता फैलाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगे। 10 सितंबर से शुरू हुआ कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम पूरे बिहार में चलाया गया, जिसमें तेजस्वी यादव ने विभिन्न जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और पार्टी संगठन की मजबूती को लेकर आवश्यक कदम उठाए। यह कार्यक्रम बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजद की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
आज बिहार की राजनीति में एक बड़ा संयोग देखने को मिलेगा। जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंचेगी, वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम भी समाप्त हो जाएगा। राजद के इस अभियान से न केवल संगठन मजबूत हुआ है, बल्कि चुनावी तैयारियों को भी धार मिली है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि तेजस्वी यादव जल्द ही नई रणनीति और चुनावी एजेंडा के साथ सामने आएंगे।