राजद की सरकार आने पर हर महिला को ₹2500 देने का वादा: तेजस्वी यादव 

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव  

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों को धार देने के लिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में नालंदा के सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पार्टी के सभी विधायकों और प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है। 

कार्यकर्ता संवाद में तेजस्वी यादव संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और महिलाओं के लिए प्रस्तावित मान-सम्मान योजना को लेकर अहम दिशा-निर्देश देंगे। इस योजना के तहत तेजस्वी यादव ने वादा किया है कि राजद की सरकार आने पर हर महिला को ₹2500 दिए जाएंगे। वे कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी सौंपेंगे कि इस संदेश को जनता तक मजबूती से पहुँचाया जाए। 

वहीं कार्यक्रम से पहले तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चुनाव आयोग निष्पक्षता खो चुका है और पूरी तरह भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त का कर्तव्य संविधान की रक्षा करना है, और यदि कोई गड़बड़ी हुई तो राजद हरसंभव शिकायत दर्ज कराएगा। 

तेजस्वी यादव ने स्पष्ट कर दिया कि वे बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग को कड़ा संदेश देना चाहते हैं कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराए जाएं। उन्होंने कहा,”हम जनता की ताकत पर भरोसा करते हैं, लेकिन चुनाव आयोग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी, नहीं तो लोकतंत्र पर खतरा मंडराएगा।”

जबकि, तेजस्वी यादव की कार्यकर्ता संवाद यात्रा अब अपने अंतिम चरण में है। इस कार्यक्रम के जरिए वे कार्यकर्ताओं के साथ 2025 के चुनाव को जीतने की ठोस रणनीति बना रहे हैं। उनके निशाने पर भाजपा और जेडीयू दोनों हैं, और वे जनता के बीच यह संदेश देना चाहते हैं कि बिहार में बदलाव की लहर तेज हो चुकी है। 

Share This Article