पटना में होगा सेपकटकरा वर्ल्ड कप 2025, 20 देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: बिहार खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी! सेपकटकरा वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन पटना के पाटलिपुत्र इंडोर स्टेडियम में होगा। इस आयोजन को लेकर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और सेपकटकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया के बीच आज एमओयू यानी समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में 20 देशों के करीब 300 खिलाड़ी (महिला व पुरुष) भाग लेंगे।

यह बिहार के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि राज्य में इस स्तर का खेल आयोजन पहली बार हो रहा है।सेपकटकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह दहिया ने बताया कि इस एमओयू के तहत बिहार के खिलाड़ियों को संस्था एक साल तक विशेष प्रशिक्षण देगी। इसमें खिलाड़ी, कोच और रेफरी को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे बिहार में इस खेल को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। इस मौके पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्र शंकर ने कहा कि,”बिहार लगातार खेल के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है।

 अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के सफल आयोजन के बाद अब सेपकटकरा वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन होना गर्व की बात है। यह टूर्नामेंट बिहार के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगा और बिहार का नाम खेल जगत में और ऊंचा होगा।” इस आयोजन से बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और राज्य के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। बिहार अब सिर्फ शिक्षा और संस्कृति के लिए ही नहीं, बल्कि खेल की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है।

Share This Article