सिटी पोस्ट लाइव
नयी दिल्ली : दिल्ली के शालीमार बाग से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। दिल्ली के रामलीला मैदान में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें शपथ दिलाई। भाजपा ने 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है।इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह सहित कई कैबिनेट मंत्री मौजूद रहे। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीयमंत्री ललन सिंह, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व अन्य नेता भी मौजूद रहे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आज दिल्ली की सत्ता में 27 साल बाद वापसी हो गई। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक चुनी गईं रेखा गुप्ता दिल्ली की बागडोर संभालने वालीं नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित भव्य और दिव्य समारोह में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। रेखा गुप्ता ने हिंदी में ईश्वर के नाम पर शपथ ली।
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जेड श्रेणी सुरक्षा प्रदान की गई है। उनके घर के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रेखा गुप्ता के साथ प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इन्द्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को मंत्री पद की शपथ दिलाई। रेखा गुप्ता दिल्ली में मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वो वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनके अलावा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बने। दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक में 19 फरवरी को 50 वर्षीय रेखा गुप्ता को नेता चुना गया। उन्होंने इसके बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना से राज निवास में मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल कर आम आदमी पार्टी के लंबे शासन का अंत किया है। रेखा गुप्ता ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में कदम रखा। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भी जुड़ी रही हैं।
राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में एक बार फिर इतिहास रचा गया। दिल्ली की सत्ता से 27 साल से बाहर रही भारतीय जनता पार्टी ने जबरदस्त वापसी करते हुए इस बार भी मुख्यमंत्री पद पर महिला को मौका दिया। रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस समारोह की गवाह बनने के लिए दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से भी महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंचीं। उपराज्यपाल वीके सक्सेना रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिला रहे थे, उस समय महिलाओं का जोश भी हाई था। महिलाओं ने भाजपा के झंडे को लहराते हुए जय श्री राम का उद्घोष कर अपनी खुशी को जाहिर किया।
वैसे तो शपथ ग्रहण समारोह का समय साढ़े 12 बजे का था लेकिन लोग इसके साक्षी बनने सुबह 10 बजे से ही पहुंचने लगे। केसरियां रंग के झंडों से पूरा मैदान सराबोर नजर आ रहा था। सभी गेट पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ लोग कई मीटर दूर से पैदल चले आ रहे थे। कई स्थानों पर लोग नाच कर जश्न मनाते हुई दिखाई दिए। समारोह स्थल पर भी भजन गाए जा रहे थे। दूर-दूर से आईं महिलाएं केसरिया रंग की पगड़ी पहनी हुईं और भाजपा के झंडों के साथ नारे लगा रही थीं। गजब का उत्साह छलक रहा था। समारोह 12 बजे के बाद शीर्ष नेतृत्व के आने का सिलसिला शुरू हुआ।
पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे। 12 बजकर 25 मिनट पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहुंचे, उनका स्वागत सभी नेताओं ने किया। प्रधानमंत्री मोदी ने मंच पर रेखा गुप्ता को बधाई दी। मंच पर दाहिनी ओर पंक्ति में सबसे पहले रेखा गुप्ता और फिर प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह बैठे थे। राष्ट्रगान के साथ शपथ ग्रहण समारोह 12.30 बजे शुरू हुआ। सबसे पहले दिल्ली के मुख्यसचिव ने मुख्यमंत्री पद और अन्य मंत्रियों के जारी गैजट नोटिफिकेशन को पढ़ा। उसके बाद उपराज्यपाल ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उसके बाद प्रवेश वर्मा ने शपथ ली। मनजिंदर सिरसा ने पंजाबी में शपथ ली।
दिल्ली एनसीआर से पहुंचीं हजारों महिला कार्यकातार्ओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भाजपा के झंडे लेकर महिलाओं ने खूब नारेबाजी की। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता चौथी महिला हैं जो दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी हैं। रेखा गुप्ता मूल रूप से हरियाणा की निवासी हैं। यही वजह रही की बड़ी संख्या में हरियाणा की महिलाएं शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचीं। इस दौरान कालका जी से आई प्रेमलता जोकि मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली हैं, उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटी ने कतई, पूरे प्रदेश का मान बढ़ा दिया है। पूरे प्रदेश को व दिल्ली में रहने वाले सभी हरियाणा के लोगों को उनपर गर्व है। वहीं संगीता मोंगा, जोकि दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी में हैं जमकर नृत्य करती दिखाई दीं। पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि महिला मुख्यमंत्री बनने से अब महिलाओं का मान भी बढ़ेगा और उनकी परेशानियों को समझा जा सकेगा।
माडल टाऊन से आई बीना बहल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिला को मुख्यमंत्री बनाकर बता दिया है कि वो महिलाओं के सम्मान की बात ही नहीं करते बल्कि सम्मान देना भी जानते हैं। वहीं भगवा पगड़ी पहने हाथ में गुलाब का फूल लिए पहुंची सविता मित्तल ने कहा कि हमें पूरा विश्वास पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर था कि इस बार वो किसी महिला को ही मुख्यमंत्री बनाएंगे और हमारा विश्वास बिल्कुल सही साबित हुआ है। वहीं रेखा उनियाल ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने का सपना हमने देखा था, लगातार पार्टी के हर संघर्ष में बढ़-चढ़ कर लगे रहे और उसका फल आज महिला मुख्यमंत्री के रूप में हमें मिला है। इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
जमकर हुई आतिशबाजी
शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाजपा मुख्यालय में भी खुशी का माहौल दिखा। बड़ी संख्?ा में कार्यकर्ता आतिशबाजी करते हुए दिखाई दिए। 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में काबिज होने की खुशी में भाजपा मुख्यालय में कार्यकतार्ओं ने पटाखे जलाए और मिठाइयां बांटीं। वहीं, रेखा गुप्ता सहित सभी छह मंत्रियों के घर के बाहर भी खूब आतिशबाजी हुई। जनपथ स्थित प्रवेश वर्मा के घर के बाहर समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की। उल्लेखनीय है कि 27 वर्ष पहले यानी वर्ष 1998 में सुषमा स्वराज 52 दिनों तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रही थीं। इसके बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारें रहीं।
किस मंत्री को मिला कौन सा विभाग
रेखा गुप्ता : वित्त, गृह, विजिलेंस और प्लानिंग
प्रवेश वर्मा : शिक्षा, परिवहन और पीडब्ल्यूडी
मनजिंदर सिंह सिरसा : स्वास्थ्य, अर्बन डेवलपमेंट और इंडस्ट्री
कपिल मिश्रा : जल, पर्यटन और संस्कृति
रविंद्र इंद्राज सिंह : समाज कल्याण, एससी-एसटी मामले और श्रम
पंकज कुमार सिंह : विधि, विधायी कार्य और आवास
आशीष सूद : राजस्व, पर्यावरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति