नवादा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा अब 10 फरवरी को

विकास कार्यों का होगा निरीक्षण, प्रशासनिक तैयारियां तेज

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

नवादा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के कार्यक्रम में मामूली बदलाव के बाद अब वे 10 फरवरी को नवादा पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। हालांकि, अब तक आधिकारिक रूप से यह जानकारी नहीं दी गई है कि वे जिले के किन-किन इलाकों का दौरा करेंगे। मगर गोविंदपुर प्रखंड के महावरा, रजौली के करिगांव और अकबरपुर के माखर में कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री डीआरडीए सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

मुख्यमंत्री के नवादा आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान लगातार क्षेत्रीय निरीक्षण कर रहे हैं और तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। पहले मुख्यमंत्री का दौरा 11 फरवरी को तय था, लेकिन अब यह 10 फरवरी को होगा। चर्चा है कि मुख्यमंत्री गोविंदपुर के महावरा में सकरी नदी पर बनने वाले पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण कर सकते हैं और इसकी आधारशिला रख सकते हैं। इसके अलावा, रजौली के करिगांव में महिला डिग्री कॉलेज का शिलान्यास और तालाब का उद्घाटन भी संभावित है। मुख्यमंत्री जल, जीवन, हरियाली योजना को विशेष महत्व देते रहे हैं, इसलिए तालाब उद्घाटन की संभावना भी जताई जा रही है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने महावरा में तैयारियों का जायजा लिया। इनमें डीएम रवि प्रकाश, एसपी अभिनव धीमान, एडीएम चंद्रशेखर आजाद, रजौली एसडीएम आदित्य कुमार पीयूष और पकरीबरावां डीएसपी महेश चौधरी समेत कई अधिकारी शामिल थे।

हेलीपैड निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गोविंदपुर के महावरा और रजौली के करिगांव में हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं। सुरक्षा को देखते हुए बैरिकेडिंग की जा रही है। डीएम ने निरीक्षण के दौरान आगमन स्थल पर तैयार हो रहे हेलीपैड और बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के पास भूमि समतलीकरण के निर्देश भी दिए।

बुधवार की रात डीएम-एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने जिला मुख्यालय में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष योजना बनाई जा रही है।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नवादा को आकर्षक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। गोविंदपुर और रजौली में शिलान्यास कार्यक्रमों के बाद जिला मुख्यालय में भी मुख्यमंत्री कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। समाहरणालय में वे अधिकारियों के साथ प्रमुख योजनाओं की समीक्षा करेंगे और समाधान की दिशा में चर्चा करेंगे। गोविंदपुर में पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास और रजौली करिगांव में महिला डिग्री कॉलेज की नींव रखने की संभावना है। उनकी प्रगति यात्रा नवादा के विकास को गति देने में सहायक होगी।

अतिक्रमण हटाने, सफाई व्यवस्था सुधारने और बिजली के जर्जर तारों को बदलने का कार्य तेज कर दिया गया है। मुख्यमंत्री आईटीआई से संकट मोचन, भगत सिंह चौक होते हुए समाहरणालय पहुंचेंगे। नगर परिषद द्वारा मुख्यालय की दीवारों को रंग-रोगन और चित्रांकन कर सजाया जा रहा है। अब तक की जानकारी के अनुसार, जिले के तीन प्रमुख सरकारी विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिनका मुख्यमंत्री अवलोकन करेंगे। इन विभागों में ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग और लघु सिंचाई प्रमंडल शामिल हैं।

मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा को लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जदयू जिलाध्यक्ष मुकेश विद्यार्थी और भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता लगातार बैठकें कर रहे हैं और मुख्यमंत्री के स्वागत की योजना बना रहे हैं। कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थलों की जानकारी दी जा रही है ताकि वे निर्धारित स्थान पर एकत्र होकर मुख्यमंत्री का स्वागत कर सकें। भाजपा-जदयू कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर काफी उत्साहित हैं।

Share This Article