मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में चूक, काफिले में घुसी संदिग्ध गाड़ी

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। सोमवार को जब मुख्यमंत्री का काफिला पटना स्थित आवास से कैमूर के लिए रवाना हो रहा था, तभी चिड़ियाघर के पास से एक अज्ञात गाड़ी काफिले में घुस गई। इस वजह से काफिले की गति धीमी हो गई और कुछ देर तक अफरातफरी का मोहौल बन गया था। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को साइड करवा दिया, जिसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला आगे बढ़ सका। 

इस घटना ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा में गंभीर चूक को उजागर किया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि चिड़ियाघर के पास तैनात सुरक्षाकर्मी कैसे इस गाड़ी को रोकने में असफल रहे! क्या यह एक चूक थी या सुरक्षा में कोई बड़ी लापरवाही! प्रशासन को इस पर जवाब देना होगा। इस सुरक्षा चूक के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने निर्धारित कार्यक्रम को जारी रखा और प्रगति यात्रा के तहत कैमूर के लिए रवाना हो गए। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री 345 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इनमें 79 नई योजनाओं का शिलान्यास और 90 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। मुख्यमंत्री कैमूर में अघोर प्रखंड में डिग्री कॉलेज, सोन नदी पर लिंक परियोजना, मोहनिया में मेडिकल कॉलेज और मोहनिया बाईपास निर्माण जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा करेंगे। इसके अलावा, वे शहर का भ्रमण कर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करेंगे और स्कूली बच्चों एवं जीविका दीदियों से संवाद करेंगे।

इसके अलावा, वे एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में भाग लेंगे, जहां कई विभागों के सचिव और अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का ऑन-स्पॉट समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैमूर में अपने व्यस्त कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद शाम 4:00 बजे पटना लौट आएंगे।

Share This Article