सिटी पोस्ट लाइव
आरा। स्वामी सहजानंद सरस्वती की 136वीं जयंती के अवसर पर भोजपुर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अशोक राम की अध्यक्षता में स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व विधायक शिव पूजन राय और पूर्व उपप्रधानमंत्री जगजीवन राम के प्रतिमा अनावरण समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक प्रो. डॉ. शशि भूषण पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सत्यप्रकाश राय ने किया। प्रतिमा का अनावरण बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, श्री कृष्णा अल्लावारू और अखिल भारतीय राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती अल्का लम्बा ने संयुक्त रूप से किया। इस कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी सहजानंद सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण से की गई, जिसमें सभी आगंतुकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रभारी श्री कृष्णा अल्लावारू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चाहे गठबंधन बने या टूटे, हम सम्मानजनक सीटों पर कोई समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथों पर सक्रिय रूप से काम करें और आने वाले समय में वे खुद बूथ-बूथ पर जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार किसी को भी अपनी हकमारी नहीं होने देंगे। उन्होंने नेहरू जी के भारत माता की जय के संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि भारत माता का अर्थ है, यहां की जनता और यहां की धरती।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार से पलायन के मुद्दे पर ध्यान दिलाया और कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में पलायन अधिक होता है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की सरकार अपनी दावों के बावजूद जनता के हित में काम नहीं कर रही है, जिसके कारण युवा वर्ग पलायन करने को मजबूर है। रोजगार की कमी और महंगाई से त्रस्त युवा बिहार छोड़कर अन्य राज्यों में जा रहे हैं जहां कांग्रेस की सरकार जनता की भलाई के लिए काम करती है।
इस अवसर पर डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य, ने कहा कि आज दो महान नेताओं के प्रतिमा अनावरण का मौका हमें गौरव प्रदान करता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि गठबंधन धर्म का सही पालन हुआ तो भोजपुर को इस बार सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलेगी। उन्होंने बिहार में व्याप्त कुव्यवस्था, महंगाई और बेरोजगारी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अब कठपुतली बनकर रह गए हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेद भूलकर एकजुट हों और कांग्रेस के लिए काम करें।
अल्का लम्बा ने कांग्रेस पार्टी की भूमिका पर प्रकाश डाला और कहा कि कांग्रेस पार्टी एकमात्र ऐसी पार्टी है जो जनता के हित के बारे में सोचती है, जबकि भाजपा केवल बड़े उद्योगपतियों के बारे में सोचती है। कार्यक्रम के दौरान बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि महागठबंधन के बीच सब कुछ सही है और हम विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया और कहा कि सरकार की महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर हम जल्द ही आवाज उठाएंगे।
दिलीप जायसवाल के इस्तीफे पर उन्होंने कहा कि उनका इस्तीफा पूरी तरह से गलत है और ऐसे लोग भाजपा के मंत्री बनने के योग्य नहीं हैं। अखिलेश सिंह ने अंत में कहा कि बिहार में महंगाई और बेरोजगारी की स्थिति बहुत खराब हो चुकी है। बिहार में हाहाकार मचा हुआ है और मुख्यमंत्री को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।