दिल्ली विधानसभा चुनाव : शाम 5 बजे तक 57.70% मतदान, सबसे ज्यादा नार्थ-ईस्ट दिल्ली में 63.83% पड़े वोट

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतदान का समय समाप्त हो गया है। अब केवल वे मतदाता वोट डाल रहे हैं, जो पहले से बूथों पर कतार में खड़े हैं।

शाम 5 बजे तक 57.70% मतदान दर्ज किया गया। नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में सबसे अधिक 63.83% वोटिंग हुई, जो भाजपा सांसद मनोज तिवारी का संसदीय क्षेत्र है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराज्यपाल वीके सक्सेना, विदेश मंत्री एस जयशंकर, मुख्यमंत्री आतिशी और राहुल गांधी ने मतदान किया है। इसके अलावा प्रियंका गांधी ने अपनी मां सोनिया और पति-बेटे के साथ वोट डाला। अरविंद केजरीवाल अपने माता-पिता को व्हीलचेयर पर लेकर मतदान करने पहुंचे।

सीलमपुर में फर्जी वोटिंग को लेकर भिड़े AAP-BJP समर्थक

भाजपा ने आरोप लगाया कि सीलमपुर में बुर्के में महिलाओं से फर्जी वोटिंग कराई जा रही है। इस दौरान आप और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिसके कारण हंगामा हुआ। बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने माना कि कुछ लोगों ने दूसरों के नाम पर वोट डाले। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने जांच में कहा कि नाम समान होने के कारण भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई थी।

पुलिस अब जांच कर रही है। AAP सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि नॉर्थ एवेन्यू एन ब्लॉक में 2000-3000 रुपये बांटे गए और लोगों की उंगलियों पर स्याही लगाई गई। यह सब चुनाव आयोग की नाक के नीचे हो रहा है।

जंगपुरा में भिड़े AAP-BJP कार्यकर्ता, धीमी रही वोटिंग की शुरुआत

सुबह 11 बजे तक 20% वोटिंग हो चुकी है। जंगपुरा में मनीष सिसोदिया की मौजूदगी के दौरान AAP और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी हुई। AAP का आरोप है कि यहां पैसे बांटे जा रहे थे, जिस पर मनीष सिसोदिया मौके पर पहुंचे।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने अपने परिवार के साथ वोट डाला। वहीं, AAP सांसद संजय सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों का दिल्ली पुलिस ने जवाब दिया है। पुलिस ने कहा कि उन्हें हिरासत में लिया गया क्योंकि वह और उनका साथी लोगों को एक विशेष राजनीतिक पार्टी के समर्थन में शारीरिक रूप से मजबूर कर रहे थे।

पुलिस की सांठ-गांठ से हो रही है गुंडागर्दी

मतदान की शुरुआत धीमी रही है, लेकिन लोगों में वोटिंग के प्रति उत्साह बना हुआ है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने इस चुनाव को ‘धर्मयुद्ध’ बताया और बीजेपी तथा दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी और दिल्ली पुलिस की सांठ-गांठ से गुंडागर्दी हो रही है। दिल्ली का यह चुनाव सिर्फ एक राजनीतिक युद्ध नहीं, बल्कि सत्य और असत्य की लड़ाई है।

आतिशी ने आगे कहा कि दिल्ली के लोग हमेशा काम, अच्छाई और सच्चाई को अपना वोट देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी केवल चुनाव में गुंडागर्दी नहीं कर रही, बल्कि दिल्ली पुलिस भी उनकी मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि जहां भी बीजेपी आचार संहिता का उल्लंघन कर रही थी, पुलिस ने उनका पूरा समर्थन किया। फ्लाइंग स्क्वॉड तक पहुंचने के बावजूद पुलिस बीजेपी के नेताओं के ठिकानों पर नहीं पहुंची। उनका यह मानना है कि इस चुनाव में हो रही गुंडागर्दी बीजेपी और दिल्ली पुलिस की मिलीभगत से हो रही है। आतिशी ने कहा कि दिल्ली के लोग गुंडागर्दी को हराकर सही काम को जीतने देंगे।

AAP विधायक पर फ्लाइंग किस देने के आरोप में FIR

वोटिंग के दौरान AAP के 2 विधायकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। एक महिला ने दिनेश मोहनिया पर फ्लाइंग किस देने का केस दर्ज कराया है। वहीं ओखला विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है।

कस्तूरबा नगर में फर्जी वोट डालने की कोशिश, दो गिरफ्तार

दिल्ली के कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र के एंड्रयूज गंज इलाके स्थित सर्वोदय विद्यालय में दो लोग फर्जी वोट डालने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने मौके पर गिरफ्तार कर लिया। कस्तूरबा नगर में आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। कांग्रेस ने अभिषेक दत्त, भाजपा ने नीरज बसोया और आप ने रमेश पहलवान को इस सीट से प्रत्याशी के रूप में उतारा है।

दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल और निर्दलीय उम्मीदवार पंकज ने जूते को बनाया चुनाव चिन्ह

दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल पंकज ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी दौड़ में भाग लिया है। उनका चुनाव चिन्ह एक जूता है, जिसे वह भ्रष्टाचार के खिलाफ एक मजबूत प्रतीक मानते हैं। पंकज ने कहा, “अगर मैं जीतता हूं तो विधानसभा में पहुंचूंगा, और अगर हारता हूं तो अपनी ड्यूटी पर वापस लौट जाऊंगा।” उन्होंने यह भी बताया कि वह पिछले 40 साल से दिल्ली में रह रहे हैं और पिछले 22 साल से दिल्ली पुलिस में अपनी सेवा दे रहे हैं। वह दिल्ली के नागरिकों की समस्याओं और चुनौतियों से अच्छी तरह परिचित हैं और अगर उन्हें मौका मिला तो जनता के मुद्दों को सुलझाने के लिए काम करेंगे।

खबर अपडेट हो रही है…

Share This Article