सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने प्रगति यात्रा के तीसरे चरण में बेगूसराय पहुंचे और एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए। दरअसल, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जीविका दीदी से मुलाकात कर रहे थे, तो उन्होंने एक सवाल किया, जो बाद में चर्चा का विषय बन गया। मुख्यमंत्री ने पूछा, “क्या पहले महिलाएं कपड़ा पहनती थीं?” फिर उन्होंने कहा, “अब कितना अच्छा लग रहा है, महिलाएं कितना अच्छा कपड़ा पहनती हैं और बोलती भी हैं, कितने अच्छे से।” यह सवाल विवाद का कारण बन गया और लोग इसे लेकर तरह-तरह की बातें करने लगे।
इसके बाद, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा को जारी रखा और बेगूसराय में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। हवाई मार्ग से पटना से बेगूसराय रवाना होने के बाद, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सबसे पहले करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लिया। इसके बाद, उन्होंने अधिकारियों के साथ बेगूसराय शहर का भ्रमण किया और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों से फीडबैक लेकर उन्होंने जरूरी निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदी के कामकाज की भी समीक्षा की और उनसे उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
दोपहर 2:00 बजे मुख्यमंत्री ने एक बड़ी समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया, जिसमें कई विभागों के सचिव, मंत्री और जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिले के विकास कार्यों पर चर्चा की गई और जिलाधिकारी ने प्रेजेंटेशन दिया। मुख्यमंत्री ने बैठक में शामिल जनप्रतिनिधियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के लिए जिला अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं दिन के अंत में, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना लौट आएंगे, लेकिन उनकी प्रगति यात्रा और बयान दोनों ही इस वक्त चर्चा का विषय बने हुए हैं।