सिटी पोस्ट लाइव
पटना: 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में 225 सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। चुनावी वर्ष में केंद्रीय बजट को लेकर पार्टी ने बड़े अभियान शुरू कर दिए है, जिसके तहत बिहार सरकार में शामिल भाजपा के मंत्रियों का जिलों में दौरा तय किया गया है।
आज से भाजपा के सभी मंत्री बिहार के विभिन्न जिलों में जाएंगे और वहां प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनता को यह बताएंगे कि केंद्रीय बजट में बिहार को क्या-क्या सौगातें मिली हैं। इसके साथ ही वे आम लोगों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से संवाद स्थापित कर भाजपा सरकार की नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी देंगे।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा की एक बड़ी बैठक में यह रणनीति तैयार की गई, जिसके बाद मंत्रियों की ड्यूटी विभिन्न जिलों में लगा दी गई है। यह कवायद चुनावी माहौल में भाजपा की पकड़ को मजबूत करने और बिहार में अपनी चुनावी स्थिति को और धार देने के लिए की जा रही है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि 2025 में भाजपा का लक्ष्य 225 सीटें जीतना है और इसके लिए जमीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है। भाजपा सरकार की नीतियां और विकास योजनाएं जनता तक पहुंचाने के लिए मंत्री अलग-अलग जिलों का दौरा करेंगे।
आज से शुरू होने वाले इस मेगा अभियान में भाजपा के सभी मंत्री जिलों का दौरा करेंगे, लोगों से संवाद करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि केंद्र सरकार द्वारा बिहार को दिए गए बजट की हर जानकारी आम जनता तक पहुंचे। भाजपा का यह अभियान न सिर्फ सरकार की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाएगा, बल्कि 2025 के चुनावी रण में पार्टी के लिए माहौल भी बनाएगा।