सिटी पोस्ट लाइव
पटना। बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र में मोकामा-बख्तियारपुर फोरलेन पर करजान गांव के पास तीन चार पहिया वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में पटना से बेगूसराय जा रहे एक डॉक्टर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एयरबैग खुलने से चालक की जान बच गई और उसे मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक की पहचान बेगूसराय निवासी डॉ. बालमुकुंद झा (48) के रूप में हुई है।

वे सरोजनी हेल्थ एंड रिसर्च सेंटर अस्पताल के संचालक थे और एक प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ थे। हादसे की खबर सुनते ही बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में कई डॉक्टर मौजूद हो गए। घटना को लेकर चालक संतोष कुमार ने बताया कि वह डॉक्टर बालमुकुंद झा को लेकर पटना से बेगूसराय जा रहा था। रास्ते में एक अनियंत्रित वाहन ने उनकी गाड़ी को साइड से टक्कर मार दी, जिससे उनकी कार सामने से आ रही एक अन्य गाड़ी से टकरा गई। हादसे के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अन्य कितने लोग घायल हुए हैं।

पुलिस कर रही जांच
एएसआई बंटी कुमार ने जानकारी दी कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल डॉक्टर को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अन्य वाहनों में सवार यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।