Jharkhand Weather
सिटी पोस्ट लाइव : झारखंड में एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार दिन में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा. पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ-कुछ दिनों के अंतराल में मौसम में परिवर्तन संभव है.9 और 10 मार्च को आकाश में बादल छाये रहने की संभावना है. पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड में अप्रैल-मई में इस वर्ष भीषण गर्मी पड़ने की आशंका व्यक्त की गयी है. गर्मी का असर मध्य मार्च से ही दिखने लगेगा.
झारखंड में मंगलवार को सबसे अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस सरायकेला का रहा.राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री तथा पिछले 24 घंटे में 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है.राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि पिछले 24 घंटे में 3.7 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गयी. झारखंड में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है. राज्य में सबसे कम तापमान चतरा में 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा.
वर्ष 2017 में मार्च माह में रांची का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. वर्ष 2012 में 26 मार्च को सबसे अधिक तापमान 42 डिग्री, वर्ष 2013 में 10 मार्च को 41.5 डिग्री, वर्ष 2014 में 23 मार्च को 39.9 डिग्री, वर्ष 2015 में 25 मार्च को 41.7 डिग्री, वर्ष 2016 में 23 मार्च को 41.6 डिग्री, वर्ष 2017 में 15 मार्च को 43.2 डिग्री, वर्ष 2018 में सात व आठ मार्च को 40.5 डिग्री, वर्ष 2019 में नौ मार्च को 41.8 डिग्री, वर्ष 2020 में 24 मार्च को 40.8 डिग्री, वर्ष 2021 में एक मार्च को 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था.