दलहन एवं तेलहन की खेती के लिए जाना जाएगा पलामू : राधाकृष्ण

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव
पलामू :
जिला मुख्यालय डालटनगंज शिवाजी मैदान में प्रमंडल स्तरीय किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन बुधवार को किया गया। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) की ओर से आयोजित इस किसान मेले का उदघाटन राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेता तिर्की एवं वित्त, वाणिज्यकर, योजना एवं विकास व संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने दीप प्रज्जवलित कर किया। मेला में 40 स्टॉल लगाये गये, जहां विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई।

मेला में 16 किसानों के बीच परिस्थितियों का भी वितरण किया गया। मंत्री ने सभी स्टॉल का निरीक्षण कर वहां प्रदर्शित कृषि उत्पाद एवं कृषियंत्रों का अवलोकन किया। मौके पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट की चर्चा करते हुए कहा कि पलामू जिले में दलहन एवं तेलहन फसल को बड़े पैमाने पर बढावा देने के लिए स्टोरेज और प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की जायेगी। किसान कोल्ड स्टोरेज के अभाव में तिलहन फसल को स्टोर करके नहीं रख पाते। स्टोरेज और प्रोसेसिंग यूनिट काम करने पर पलामू तिलहन के लिए जाना जायेगा। इसके लिए उपायुक्त के माध्यम से प्रस्ताव मांगा गया है।

मंत्री ने कहा कि प्रमंडल स्तरीय किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन करने का उद्देश्य किसानों को राज्य सरकार की सभी योजनाओं से अवगत कराना है। पलामू में यह तीसरा आयोजन है। किसानों को समय के साथ कृषि के तौर-तरीकों को बदलना होगा। सब आधुनिकरण हो रहा है। किसानों को कृषि कार्य मजदूर की तरह नहीं व्यवसाय के रूप में करना होगा। पारंपरिक व्यवस्थाओं को बदलना होगा। धान-गेहूं की जगह संतरा, ड्रैगन फ्रूट आदि फल-सब्जियां आदि नगदी फसलों का उत्पादन करना होगा। मौके पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि पलामू प्रमंडल की अर्थव्यवस्था कृषि पर निर्भर है।

नेशनल हाइवे और पुल-पुलिया के निर्माण से आधारभूत संरचना विकसित की जा सकती है, लेकिन जबतक हम सतही जल को नहीं बचायेंगे, भूगर्भीय जलस्तर नहीं बना रहेगा। किसानों के चेहरे पर खुशियां लाने के लिए राज्य की हेमंत सोरेन सरकार तेजी से वर्षा जल को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पलामू में पड़े सुखाड़ और आकाल को देखने के लिए आज तक सिर्फ कांग्रेस पार्टी से प्रधानमंत्री बने इंदिरा गांधी एवं पीवी नरसिंहा राव ही यहां आए थे। मौके पर मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, पूर्व मंत्री के.एन त्रिपाठी एवं जिप उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।

उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिमा देवी, निदेशक समेति विकास कुमार, संयुक्त कृषि निदेशक शशिभूषण अग्रवाल, उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद एवं अन्य जनप्रतिनिधि, माननीय विधायक के प्रतिनिधि, जिला कृषि पदाधिकारी दीपक कुमार, गढ़वा के जिला कृषि पदाधिकारी एवं लातेहार के जिला कृषि पदाधिकारी सहित प्रमंडल क्षेत्र के पलामू, लातेहार एवं गढ़वा जिले के कृषि विभाग से जुड़े पदाधिकारी एवं तीनों जिलों की बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित रहे।

Share This Article