सिटी पोस्ट लाइव
नई दिल्ली । आईएनएसवी तारिणी से दुनिया की परिक्रमा करने निकलीं नौसेना की दो महिला अधिकारियों ने अब आधी से अधिक यात्रा पूरी कर ली है। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने टीम तारिणी से वर्चुअली बातचीत करके अब तक की उनकी प्रगति पर संतोष जताया। टीम तारिणी ने 50 डिग्री दक्षिणी अक्षांश को पार कर लिया है और अब आगे की यात्रा के लिए नौकायन कर रही है। नौकायन पोत तारिणी से नौसेना की दो साहसी महिला अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए पिछले साल 02 अक्टूबर को इस चुनौतीपूर्ण अभियान पर गोवा से रवाना हुईं थीं।

आठ महीने की अवधि में दोनों महिलाएं बिना किसी बाहरी सहायता के केवल पवन ऊर्जा पर निर्भर करते हुए 21,600 समुद्री मील की यात्रा करने निकली हैं। गोवा से रवाना होने के बाद से 12 हजार से अधिक समुद्री मील की यात्रा करके परिक्रमा अभियान का आधा से अधिक हिस्सा पूरा कर लिया है। टीम तारिणी ने 04 जनवरी को न्यूजीलैंड के लिटलटन से प्रस्थान किया और इस तीसरे चरण में उन्होंने बहुत अधिक कठिन समुद्रों और दो तूफानों को पार किया है। टीम ने पृथ्वी ग्रह पर सबसे दूरस्थ स्थान प्वाइंट निमो को भी पार किया है।
सीएनएस ने दोनों महिला नौसेना अधिकारियों से वार्ता के दौरान कहा कि आपके मुस्कुराते चेहरे आपकी दृढ़ता, दृढ़ संकल्प और कभी हार न मानने की भावना को दशार्ते हैं, जो आपको देखने वाले सभी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। भारतीय नौसेना और राष्ट्र को आप पर गर्व है। उन्होंने लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना को उनके जन्मदिन (07 फरवरी) की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएं दीं और चालक दल को उसी उत्साह और व्यावसायिकता के साथ अपनी यात्रा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।