कहां हैं जनसुराज के कोषाध्यक्ष, जदयू ने पूछा

72 घंटे में नहीं मिला जवाब तो होंगे और बड़े खुलासे: नीरज

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: बिहार में राजनीति के एक बड़े उलटफेर की संभावना को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने आज प्रेस वार्ता में बड़ा खुलासा किया। नीरज कुमार ने दावा किया कि अगर उन्होंने जो खुलासे किए हैं, उनका जवाब अगले 72 घंटों में नहीं मिला, तो और बड़े खुलासे किए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि प्रशांत किशोर की पार्टी के संबंध में यह अब तक का सबसे बड़ा खुलासा है।

नीरज कुमार ने सवाल उठाते हुए कहा, “कहां गया जन सुराज! क्या हम केवल धन के राज को देख रहे हैं!” उन्होंने यह भी कहा कि गांधी के नाम पर धोखा देना बिहार की जनता को स्वीकार नहीं होगा। नीरज कुमार ने यह भी जानकारी दी कि प्रशांत किशोर की पार्टी, जन स्वराज के रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन 8 अगस्त 2022 को किया गया था, और 28 अगस्त 2023 को पार्टी की स्थापना हुई थी।

इसके बाद उन्होंने पार्टी के कोषाध्यक्ष अजीत सिंह के नाम का उल्लेख किया, जिनके नाम से पार्टी का रजिस्ट्रेशन किया गया। नीरज ने सवाल किया कि अजीत सिंह अब कहां हैं और प्रशांत किशोर से इसके बारे में जवाब मांगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जन स्वराज पार्टी को फंडिंग करने वाली कंपनी ‘जॉय ऑफ गिविंग ग्लोबल फाउंडेशन’ है, जिसका कार्यालय बेंगलुरु में स्थित है।

नीरज कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि इस ट्रस्ट को साल 2023 से 2024 के बीच 48 करोड़ रुपये का डोनेशन मिला है, और सबसे अधिक फंड राम सेतु इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी में गया है।  नीरज कुमार ने यह चेतावनी दी कि यदि प्रशांत किशोर ने 9 फरवरी तक इन सवालों का जवाब नहीं दिया, तो वह और बड़े खुलासे करेंगे। प्रशांत किशोर के राजनैतिक संबंध और उनकी पार्टी को लेकर यह खुलासा राजनीति में तूफान ला सकता है!

Share This Article