राहुल गांधी 5 फरवरी को जगलाल चौधरी की जयंती के समारोह में लेंगे भाग, बोले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने राहुल गांधी के 5 फरवरी को पटना दौरे को लेकर कहा कि यह कांग्रेस के लिए गौरव की बात है। वह श्री कृष्णा मेमोरियल हॉल में जगलाल चौधरी की जयंती समारोह में भाग लेंगे। सिंह ने कहा कि जगलाल चौधरी, जो पासी समाज से आते थे। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई छोड़कर गांधी जी के साथ स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया। वह बिहार के पहले अबकारी मंत्री थे और शराबबंदी के फैसले को लागू करने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।

सिंह ने यह भी बताया कि राहुल गांधी लोकसभा सत्र के दौरान बिहार आ सकते थे, लेकिन अब यह संभव नहीं लग रहा है। हालांकि, राहुल गांधी के पटना आगमन पर अखिलेश ने कहा कि इससे बिहार के कार्यकर्ताओं को उत्साह मिलेगा और यह उनके लिए ऊर्जा का स्रोत बनेगा। उन्होंने राहुल गांधी से यह अनुरोध भी किया कि जैसे दूसरे राज्यों में वह ज्यादा समय देते हैं, वैसे ही बिहार में भी समय देना चाहिए।

अखिलेश सिंह ने कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस ने आजादी के लिए बलिदान दिया और यह संगठन हमेशा देशहित में खड़ा रहा। उन्होंने यह भी कहा कि संघ के लोग कहां थे जब देश को आज़ादी की आवश्यकता थी। राहुल गांधी के बिहार दौरे के दौरान अखिलेश सिंह ने एक बड़ी बात भी कही,“कांग्रेस पार्टी को जो अंडरएस्टीमेट करेगा, वह अपनी मूर्खता करेगा, क्योंकि आज भी देश के गली-मोहल्लों में कांग्रेस के समर्थक मिलते हैं।”

नीतीश कुमार के दिल्ली चुनाव प्रचार में शामिल न होने पर अखिलेश ने कहा कि यह चुनावी रणनीति के बारे में ही नहीं, बल्कि राजनैतिक विवेक का भी सवाल है। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार खुद यह जानते हैं कि उनकी पार्टी उस सीट को जीतने में सक्षम नहीं है, तो उनका दिल्ली चुनाव प्रचार में भाग लेना व्यर्थ होगा।

Share This Article