डायल 112 की टीम ने पेश की मिसाल, भटकती महिला को सुरक्षित पहुंचाया घर

नया भोजपुर की वृद्ध महिला मझरिया पहुंची, परिवार ने जताया धन्यवाद

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

बक्सर। औद्योगिक थाना क्षेत्र की डायल 112 टीम ने मानवीयता की मिसाल पेश करते हुए एक भटकी हुई महिला को सुरक्षित उसके घर भेजा। महिला के परिवार ने पुलिस के इस साहसिक कार्य के लिए धन्यवाद व्यक्त किया है। जानकारी के अनुसार, नया भोजपुर निवासी लक्ष्मण पांडेय की पत्नी लवंगी देवी गुरुवार को गलती से औद्योगिक थाना क्षेत्र के मझरिया गांव पहुंच गईं। जब स्थानीय लोगों ने उनसे पूछताछ की, तो वह सही से अपना नाम और पता नहीं बता पा रही थीं, संभवतः उम्र के कारण वह भ्रमित हो गई थीं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया।

पुलिस को सूचना मिलने के बाद, डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने वृद्ध महिला को कंबल ओढ़ाया और उससे पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान महिला ने अपने पुत्र भरत पांडेय का नाम और घर का पता नया भोजपुर बताया। पुलिस ने तुरंत महिला को नया भोजपुर थाने लेकर पहुंची, जहां से स्थानीय पुलिस की मदद से भरत पांडेय से संपर्क किया गया।

भरत पांडेय ने बताया कि उसकी मां सुबह से ही घर से लापता थी, जिससे परिवार में चिंता का माहौल था, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पा रहा था। वह पुलिस के पास पहुंचने वाले थे, तभी नया भोजपुर थाने से फोन आया कि उनकी मां डायल 112 की टीम को मिल गईं और उन्हें थाने लाया गया है।

डायल 112 के एसआई लालाबाबू पासवान, सिपाही मनोज कुमार और चालक मंजय मिश्रा की मदद से महिला को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया गया। इस दौरान महिला के परिवार ने डायल 112 और स्थानीय पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

Share This Article